ऊना जिला के बाथू के वार्ड नंबर-11 में रहने वाली 34 वर्षीय सुनीता देवी ने दुपट्टे से पंखे के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की वजह से उसने यह कदम उठाया।
मृतका के पास से एक सुसाइड नोट, डायरी और एक पेन बरामद हुआ है। पुलिस ने दुपट्टे सहित अन्य चीजों को कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए जोनल अस्पताल ऊना भेज दिया है।
एसएचओ अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुनीता देवी पत्नी संदीप कुमार जो कि होशियारपुर के गांव विशुही की निवासी थीं। मृतका का मायका निक्कू नंगल पंजाब में है, लेकिन अब वह पिछले 4 वर्ष से गांव बाथू में स्थाई रूप से रह रही थी।
महिला का पति कतर में नौकरी करता है
महिला का पति संदीप कुमार विदेश (कतर) में नौकरी करता है और शादी के 7 वर्ष बीत जाने के बाद भी उनको औलाद का सुख प्राप्त नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार मृतका सुनीता देवी जो कि औलाद न होने की वजह से मानसिक रूप से काफी परेशान थी। इसके चलते सुनीता ने शनिवार रात को पंखे के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली और साथ में एक सुसाइड नोट भी छोड़ गई हैं। सुसाइड नोट में मृतका ने अपने मौत की जिम्मेदारी खुद ली है।
मृतका के भाई जगदीश राम निवासी निक्कू नंगल पंजाब ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी बहन सुनीता को फोन कर रहे थे, लेकिन सुनीता ने उनका फोन नहीं उठाया। इसके कारण वह परेशान हो गए और अपनी बहन के घर बाथू में पहुंचे। उन्होंने घर पहुंचकर देखा कि उनकी बहन सुनीता ने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था। उनके द्वारा दरवाजा खटखटाने पर भी बहन ने दरवाजा नहीं खोला। फिर कुछ शक होने पर उन्होंने दरवाजा तोड़कर देखा तो उनकी बहन सुनीता पंखे के साथ फंदे पर झूल रही थी।
सुसाइड नोट, डायरी और एक पेन बरामद
मृतका के मायके वालों ने पंचायत के माध्यम से पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। इसके उपरांत एसएचओ टाहलीवाल थाना अशोक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि उन्हें मौके पर बरामद हुई चीजों में एक पेन, डायरी, सुसाइड नोट और फंदा बनाई हुई चुनरी को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मृतका के पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि उसका दाह संस्कार गांव निक्कू नंगल में ही किया जाएगा।



Recent Comments